कोरोना मरीजों को बेड मिलने में न हो परेशानी, इसलिए पुणे मनपा ने लिया ‘यह’ निर्णय

पुणे : पिछले कई दिनो से दिन प्रतिदिन कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। ऐसे में कोरोना मरीजों को बेड मिलने में होनेवाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए पुणे मनपा ने एक बार फिर से शहर के महत्वपूर्ण अस्पताल में अपने कर्मचारी को नियुक्त करने का निर्णय लिया है। ये कर्मचारी बेड प्रबंधन से संबंधित काम करेंगे। इसले लिए स्वतंत्र बेड नियंत्रण कक्ष की स्थापना मनपा ने की है।

पिछले कई दिनो से शहर में सर्वसामान्य लोगों को अस्पताल में बेड मिलने में परेशानी हो रही है। कई अस्पतालों में भटकने के बाद मरीज को एडमिट किया जा रहा है। इसके लिए विभागीय आयुक्तालय की ओर से शुरू किए गए डैशबोर्ड का उपयोग भी नहीं हो रहा है। मनपा ने इस परिस्थिति को ध्यान में रखकर प्राइवेट अस्पताल में कर्मचारियो की नियुक्ति की है। संबंधित अस्पताल के खाली बेड की जानकारी लेकर डैशबोर्ड को अपडेट करने की जिम्मेदारी इन कर्मचारियो पर होगी।

इसके लिए अस्पताल और विभाग के अनुसार अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। कोरोना की पहली लहर आई थी, उस समय मरीजो को परेशानी हुई थी तब मनपा द्वारा नियुक्त कर्मचारियो के माध्यम से इन मरीजो को मदद मिली थी। इसी पृष्ठभूमि पर अब एक बार फिर से इन कर्मचारियो की नियुक्ति करने का निर्णय मनपा ने लिया है।