मुंबई में कोरोना की गति फिर तेज, सामने आ रहे सावधान करने वाले आंकड़े

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार फिर तेज हो चली है। बुधवार को शहर में 7 जनवरी के बाद से एक दिन में आने वाले सबसे अधिक मामले देखे गए। बुधवार को 40 दिन बाद मुंबई में 721 नए मामले दर्ज किए गए। महानगर में मामलों की कुल संख्या अब 315,751 हो गई है, जबकि यहां सक्रिय मामले 5,943 हैं। उपराजधानी नागपुर में भी स्थिति गंभीर होती जा रही है। वहां भी दिवाली के बाद पिछले 2 दिन से मरीजों की संख्या 500 के पार मिल रही है। बुधवार को यहां मरीजों की संख्या बढ़कर 600 के करीब हो गई। प्रशासन सतर्क है। एहतियातन सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने  एक और लॉकडाउन करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मुंबई में लोग वापरवाही बरत रहे हैं, जिसका नतीजा सामने आ रहा है।  शहर में वायरस की औसत वृद्धि दर 0.16 प्रतिशत है। इस सप्ताह की शुरुआत के बाद से, मुंबई ने प्रतिदिन 500 से कम कोरोनोवायरस मामलों की रिपोर्ट किए थे। शहर में सोमवार को 493 नए मामले सामने आए और मंगलवार को 461 नए मामले दर्ज किए गए।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई में कोरोना के अभी पांच हजार 143 एक्टिव केस हैं। इनमें से 82 फीसदी लोगों का घर पर ही इलाज चल रहा है, इसलिए अस्पतालों पर फिलहाल कोई असर देखने को नहीं मिल रहा है। बताया जा रहा है कि अकेले 18 फीसदी मामले हाई राइज बिल्डिंग एरिया में पाए गए हैं। फिलहाल शहर का पॉजिटिविटी रेट 4.50 फीसदी पर है। अगर बात पूरे महाराष्ट्र की करें तो कल कोरोना वायरस के नए मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है।

4787 लोगों में कोविड-19 का संक्रमण पाया गया है जो इस साल एक दिन में सबसे ज्यादा है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कुल मामले बढ़कर 20,76,093 पहुंच गए हैं। सबसे ज्यादा मामले अमरावती में बढ़े हैं, जहां मंगलवार को 82 मामले आए थे, वहीं बुधवार को इनकी संख्या बढ़कर 230 हो गई।