पत्थरों की बरसात से पलटा सीआरपीएफ का वाहन, 19 घायल

श्रीनगर: घाटी में शांति बहाली की सभी कोशिशें नाकाम साबित हो रही हैं। रमजान के महीने में भले ही सेना द्वारा नरमी दिखाई जा रही हो, लेकिन आतंकी और पत्थरबाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। पत्थरबाजों के चलते केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक गाड़ी पलटने से 19 जवान घायल हो गए। घायल जवानों को फौरन इलाज के लिए ले जाया गया। घटना से पहले गाड़ी पर पथराव किया गया था। आपको बता दें कि इसी महीने पथराव के कारण राज्य में अलग-अलग घटनाएं हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना तब घटी जब जवानों को लेकर गाड़ी श्रीनगर से जा रही थी। अचानक गाड़ी पर पथराव होने लगा, जिससे नियंत्रण खोने के चलते वह पलट गई। उसमें सवार 19 जवान घायल हो गए।

वापस लिए गए थे मामले
आपको बता दें कि महीने की शुरुआत में ही पत्थरबाजी में तमिलनाडु से आए पर्यटक की जान चली गई थी। उसके कुछ दिन पहले ही पत्थरबाजों ने एक स्कूल बस पर पथराव कर बच्चों को घायल कर दिया था। इससे पहले महबूबा मुफ्ती सरकार ने 2008 से 2017 के बीच पथराव की घटनाओं में शामिल 9730 लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मंजूरी दे दी थी।