चक्रवात बुलबुल : पश्चिम बंगाल, ओडिशा में 3 मरे (लीड-1)

नई दिल्ली (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाइन – प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘बुलबुल’ की वजह से ओडिशा और पश्चिम बंगाल में तीन लोगों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। इस चक्रवात ने दोनों राज्यों के तटीय जिलों में भारी तबाही मचाई, जिससे पेड़ उखड़ गए और हजारों घर और सैकड़ों फोन टॉवर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी बयान के अनुसार, प्रचंड चक्रवात ‘बुलबुल’ बांग्लादेश की ओर बढ़ चुका है। हालांकि अभी भी उसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24परगना में 80 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं।

इस दौरान पश्चिम बंगाल में दो लोगों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें से दक्षिण 24परगना के बशीरहाट में एक व्यक्ति पर पेड़ गिरने के कारण उसकी मौत होने की जानकारी सामने आई है।

वहीं ओडिशा के केंद्रापाड़ा जिले में एक व्यक्ति के मारे जाने की जानकारी मिली है। हालांकि इससे पहले मंत्रालय ने ओडिशा में दो लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी।

पश्चिम बंगाल में ‘बुलबुल’ से कुल 7815 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और करीब 870 पेड़ों के गिरने की जानकारी सामने आई है। वहीं मंत्रालय ने बताया कि 950 फोन टॉवर भी इस तूफान के कारण क्षतिग्रस्त हुए हैं।

पश्चिम बंगाल में बिजली और दूरसंचार सेवाओं को पुन: बहाल करने का काम शुरू हो गया है।

मंत्रालय ने कहा कि चक्रवात के प्रभाव के कारण ओडिशा के चार जिले गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं।

मंत्रालय ने कहा कि तूफान के बाद सड़कों पर गिरे लगभग सभी पेड़ों को हटाया जा चुका है। मंत्रालय ने आगे बताया कि ओडिशा में भारी पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचा है।