दत्ता साने ने सम्भाली विपक्षी नेता की कमान

पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन

पूर्व महापौर योगेश बहल द्वारा इस्तीफा दिये जाने के बाद पिंपरी चिंचवड़ मनपा की विपक्षी पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस ने वरिष्ठ नगरसेवक दत्ता साने को अपना नया नेता चुना है। विपक्षी दल का नेता ही विपक्षी नेता तय होता है, इसके आधार पर गुरुवार को महापौर नितिन कालजे ने साने को विपक्षी दल के नेता पद पर नियुक्ति की घोषित किया। इसके बाद उन्होंने अपनी केबिन में राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेताओं, नगरसेवकों व कार्यकर्ताओं के बीच अपना पदभार ग्रहण किया।

पदभार संभालने के बाद अपनी व्यापक भूमिका कल अलग से प्रेस कांफ्रेंस में जाहिर करने की जानकारी देते हुए नए विपक्षी नेता दत्ता साने ने संवाददाताओं के साथ की गई अनौपचारिक बातचीत में स्पष्ट किया कि, सत्ताधारी भाजपा के गलत कामों व गलत नीतियों का पुरजोर विरोध किया जाएगा। सत्ता के एक साल में भाजपा ने मनमानी और भ्रष्ट कामकाज के अलावा कुछ नहीं किया। उसके भ्रष्ट कामकाज की पोलखोल की जाएगी, यह भी उन्होंने चेताया। शहर के लंबित मसलों और नागरी समस्याओं, जिन्हें हल कराने का भरोसा दिलाकर भाजपा ने सत्ता पायी है, को याद दिलाया जाएगा।

बीते दिन साने को राष्ट्रवादी का नया गुटनेता तय करने के प्रस्ताव से विभागीय आयुक्तालय ने मनपा के नगरसचिव विभाग को अवगत कराया। इसके बाद आज महापौर कालजे ने दत्ता साने को विपक्षी दल के नेता पद पर नियुक्ति किये जाने का पत्र सौंपा। इस मौके पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के शहराध्यक्ष संजोग वाघेरे, महिला अध्यक्षा वैशाली कालभोर, वरिष्ठ नगरसेवक भाऊसाहेब भोईर, मोरेश्वर भोंडवे, राजू मिसाल, शाम लांडे, जावेद शेख, प्रविण भालेकर, पंकज भालेकर, नगरसेविका सुलक्षणा शिलवंत, विनया तापकीर, प्रज्ञा खानोलकर, प्रवक्ते फजल शेख आदि उपस्थित थे।