सीएम के बंदोबस्त से लौट रही महिला सिपाही की हादसे में मौत

सोलापुर : समाचार ऑनलाईन – मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अक्कलकोट में आयोजित सभा की बंदोबस्त ड्यूटी से लौटते वक्त हुए हादसे में एक महिला सिपाही की मौत हो गई। बुधवार की शाम हुए इस हादसे में मृत सिपाही का नाम आरती दीपक साबले (31) है। उनकी एक तीन साल की बेटी और डेढ़ साल का बेटा है। उनके इस तरह से अचानक चले जाने से उनके परिवार में शोक व्याप्त है। 
बताया जा रहा है कि, सोलापुर लोकसभा चुनाव क्षेत्र में भाजपा महायुति के प्रत्याशी डॉ जयसिद्धेश्वर महास्वामी के प्रचार के लिए मुख्यमंत्री की अक्कलकोट में सभा आयोजित की गई थी। इस सभा की बंदोबस्त ड्यूटी खत्म करने के बाद आरती साबले अपनी सहयोगी बानोबी शेख के साथ दोपहिया पर सवार होकर सोलापुर लौट रहे थे। अक्कलकोट रोड पर कोन्हाली के पास एक एसटी बस ने उनकी दोपहिया को टक्कर मार दी। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां आरती ने इलाज से पहले ही दम तोड़ दिया। जबकि इसी हादसे में गंभीर रूप से घायल शेख का इलाज जारी है।