सुप्रीमो के ‘कन्फर्मेशन’ पर टिका महापौर बदलाव का फैसला

इस्तीफे को लेकर ‘वेट एंड वॉच’ की भूमिका में महापौर; कर सकते हैं इन्कार
पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन
 सन्तोष मिश्रा
सर्व साधारण सभा संपन्न होने के बाद जहां पिंपरी चिंचवड़ मनपा में महापौर बदलाव की गतिविधियां तेज होनी तय मानी जा रही हैं। वहीं महापौर नितिन कालजे इस्तीफा देने को लेकर ‘वेट एंड वॉच’ की भूमिका में नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ऐसी भूमिका वे अपने ‘आका’ विधायक महेश लांडगे के आदेशानुसार अपना रहे हैं। असल में महापौर पद भोसरी विधानसभा क्षेत्र में देने को लेकर लांडगे गुट को पार्टी सुप्रीमो से ‘कन्फर्मेशन’ का इंतजार है। बताया तो यह भी जा रहा कि, अगर ऐसा कोई ‘कन्फर्मेशन’ नहीं मिलता है तो नितिन कालजे महापौर पद से इस्तीफा देने से इंकार भी कर सकते हैं।
सत्तादल भाजपा में ओबीसी प्रवर्ग के लिए आरक्षित महापौर सीट का ढाई साल का कार्यकाल दो नगरसेवकों में बांटने की नीति तय की गई है। पहले महापौर के तौर पर चयनित नितिन कालजे का सवा साल का कार्यकाल इस माह खत्म होने जा रहा है। नतीजन मनपा गलियारे में महापौर बदलाव की हवाएं तेज हो चली है। इस पद के लिए भोसरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक महेश लांडगे के गुट के राहुल जाधव के साथ ही भाजपा शहराध्यक्ष व विधायक लक्ष्मण जगताप गुट के शत्रुघ्न काटे, शशिकांत कदम, पुराने निष्ठावान गुट के नामदेव ढाके, शीतल उर्फ विजय शिंदे तीव्र इच्छुक हैं।
जून माह की सर्व साधारण सभा के बाद महापौर नितिन कालजे इस्तीफा देंगे यह तय माना जा रहा है। इसके अनुसार महापौर बदलाव की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद थी। परोक्ष में सभा के बाद भी ऐसी कोई हलचल नजर नहीं आ रही है। इसकी वजह जानने की कोशिश में पता चला कि, अगला महापौर भोसरी विधानसभा क्षेत्र का ही होगा, इस बारे में पार्टी सुप्रीमो से ‘कन्फर्मेशन’ मिलने के बाद ही इस्तीफा की पेशकश होगी। क्योंकि स्थायी समिति अध्यक्ष पद के चुनाव में विधायक लांडगे गुट एक बार धोखा खा चुका है। यह भी जा रहा कि, अगर ऐसा कोई ‘कन्फर्मेशन’ नहीं मिलता है तो मौजूदा महापौर इस्तीफा देने से इंकार भी कर सकते हैं। ऐसे में इस पद की आस लगाए बैठे इच्छुकों की धड़कनें तेज हो चली हैं।