नई दिल्ली। समाचार ऑनलाइन – राजस्थान के राज्यपाल रह चुके दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना (82) का शनिवार रात निधन हो गया। वे पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता खुराना चार बार विधायक रहे और 1993 से 1996 के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे। इसके साथ ही वह 2004 में राजस्थान के राज्यपाल भी बने।
मदनलाल खुराना ने 2003 के विधानसभा चुनावों में हार के बाद दिल्ली भाजपा प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। दो महीने पहले ही खुराना के बड़े बेटे विमल खुराना का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था, वह 55 वर्ष के थे। दो माह बाद मदनलाल खुराना, जोकि गत काफी समय से बीमार चल रहे थे, का भी शनिवार की रात देहांत हो गया। उनके देहांत पर शोक जताया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मदनलाल खुराना की मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘मेरी संवेदनाएं बीजेपी परिवार और दिल्ली के हमारे प्यारे पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना के परिवार के साथ है जिनका लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया। मेरी प्रार्थाना उनके करीबी लोगों के साथ है। उनकी आत्मा को शांति मिले। वहीं बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘वरिष्ठ नेता मदनलाल खुराना के निधन के विषय में जानकर दुख हुआ।