ससून के अधिष्ठाता डॉ अजय चंदनवले का तबादला

पुणे। पुणे समाचार ऑनलाइन

पुणे के जिला अस्पताल ससून के कार्यक्षम अधिष्ठाता के तौर पर परिचित डॉ अजय साहेबराव चन्दनवाले का मुंबई के जेजे अस्पताल में अधिष्ठाता पद पर तबादला किया गया है। वहीं जेजे अस्पताल में अधिष्ठाता सुधीर ननंदकर का कोल्हापुर सीपीआर में तबादला किया गया। चिकित्सीय शिक्षा और अनुसंधान विभाग ने ये तबादले के आदेश जारी किए हैं। आनन फानन में किये गए तबादलों से महकमे में खलबली मच गई है।

डॉ चंदनवाले ने साढ़े छह साल पहले ससून अस्पताल का पदभार स्वीकारा था। अस्पताल में सुधार के लिए सरकारी निधि पर अवलम्बित रहने की बजाय कारपोरेट कम्पनियों, सामाजिक संस्थाओं, देवस्थान ट्रस्ट से सीएसआर निधि हासिल करने पर उन्होंने जोर दिया। सीएसआर के तहत 50 से 60 करोड़ रुपए हासिल कर ससून अस्पताल का नवीनीकरण और विभिन्न अत्याधुनिक सुविधाओं को उपलब्ध कराया। छह करोड़ की लागत से 59 बेड का एनआईसीयू उनकी बड़ी उपलब्धि में शुमार है।

सीएसआर फंडा के इस्तेमाल से अस्पताल में अच्छी और अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है, यह डॉ चन्दनवाले ने साबित कर दिखाया। इतना ही नहीं ससून जैसे सरकारी अस्पताल में सफल अवयव प्रत्यारोपण किया जा सकता है यह भी उन्होंने साबित किया। उनके कार्यकाल में किडनी, लीवर ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू की गई अब हार्ट ट्रांसप्लांट की अनुमति मांगी गई है। उनके अचानक तबादले से ससून अस्पताल के सुधार में खलल पैदा न हो, इसकी उम्मीद जताई जा रही है। बहरहाल डॉ चन्दनवाले का तबादला चिकित्सीय शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन की मर्जी से होने की जानकारी सामने आई है।