पुणे में ब्लैकमेलिंग के चलते विवाहित महिला ने की खुदकुशी

पुणे समाचार ऑनलाइन – पुणे के सिंहगड रोड इलाके में एक दोस्त द्वारा ब्लैकमेल किए जाने की वजह से 37 वर्षीय महिला द्वारा सुसाइड किए जाने की घटना सामने आयी है। 4 साल पहले एक शख्स से दोस्ती हुई थी, इस दोस्ती का फायदा उठाने के मकसद से शख्स लगातार महिला को ब्लैकमेल कर रहा था। ब्लैकमेलिंग से प्रताड़ित होकर महिला ने खुदकुशी कर ली। यह मामला सिंहगड पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।

पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार इस मामले में महिला के पति विनोद जगदीश वाघ (45) ने शिकायत दर्ज करवायी है। इस मामले में आशिष वसंत धिवार (29) वर्षीय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिला की 17 साल पहले शादी हुई थी, 15 साल का बेटा भी है। महिला की आरोपी शख्स  से चार साल पहले पहचान हुई थी। महिला का 15 वर्षीय बेटा गणेशोत्सव फेस्टिवल के लिए ढोल ताशा सीखने जाता था। वहां महिला की पहचान आरोपी से हुई थी। महिला और आरोपी की अच्छी दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच सिर्फ दोस्ती थी, दोनों साथ में घूमने भी गए थे। इस दौरान महिला के साथ आरोपी ने फोटो भी लिए थे।

इन फोटो को आरोपी ने संभालकर रखा था और महिला को उसके साथ संबंध बनाने के लिए दवाब बना रहा था। अगर वह उसके साथ रिश्ता नहीं रखती है तो वह उसके साथ के फोटो महिला के पति को दिखाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी की पत्नी को भी दोनों के साथ घूमने के फोटो की भनक लग थी, आरोपी की पत्नी ने महिला के पति से इस बारे में जाकर शिकायत की थी। मृतक महिला और शिकायतकर्ता के बीच इस बात को लेकर वाद विवाद भी हुआ था। महिला ने अपने पति को कहा था कि वह सिर्फ मेरा अच्छा दोस्त था, बाकी हमारे बीच दूसरा कोई संबंध नहीं है। उसके बाद पति पत्नी के बीच का झगड़ा समाप्त हो  गया था। लेकिन इसके बावजूद आरोपी शख्स महिला को बदनाम करने के लिए फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा था। जिसके चलते महिला ने खुदकुशी कर ली। पुलिस इस मामले में अधिक जांच कर रही है।