कम मांग के चलते गिरे सोने-चांदी के भाव

नई दिल्ली | समाचार ऑनलाइन – सोना-चांदी के भाव में नरमी का रुख है। मांग में कमी के चलते सोने-चांदी के दाम में आज फिर गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने का भाव 100 रुपए गिरकर 32,050 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी का रेट 700 रुपए की बड़ी गिरावट के साथ 37,450 रुपए प्रति किलो हो गया।

रिपोर्ट के अनुसार, चांदी के भाव में सिक्का निर्माता और इंडस्ट्री की कम मांग के कारण गिरावट आई है। बाजार के जानकारों के मुताबिक सोने के भाव में मौजूदा स्तर पर रिटेलर्स खरीदारी नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा अच्छे वैश्विक संकेतों ने सोने में बड़ी गिरावट पर रोक लगा दी हैं। सिंगापुर में सोना 0.22 फीसदी बढ़कर 1203.5 डॉलर प्रति आउंस और चांदी 0.68 फीसदी तेज होकर 14.18 डॉलर प्रति आउंस हो गई।

दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 100-100 रुपए गिरकर क्रमश: 32,050 रुपए और 31900 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। दूसरी तरफ आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर स्थिर रही। कल सोने के भाव में 150 रुपए की तेजी आई थी।

चांदी 700 रुपए गिरकर 37,450 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी है। जबकि साप्ताहिक आपूर्ति वाली चांदी 453 रुपए गिरकर 37115 रुपए प्रति किलोग्राम रह गयी। चांदी के सिक्कों के भाव में भी 1 हजार रुपए की गिरावट आई है। चांदी सिक्का लिवाल 74 हजार रुपए और सिक्का बिकवाल 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर रहा।