मशीन में फंसकर कर्मचारी की दर्दनाक मौत

पुणे : समाचार ऑनलाइन- महाराष्ट्र के क-हाड इलाके में कचरा डेपो में काम के दौरान स्क्रीनिंग मशीन में फंसने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक का नाम अतुल रमेश कावडे (27, गोंदिया) है। अतुल कचरा वर्गीकरण का ठेका लेने वाली पुणे के कोथरुड स्थित सेव एनवॉयरमेंट मैनेजमेंट एण्ड इंजीनियरिंग कंपनी में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। महानगरपालिका ने स्क्रीनिंग मशीन किराए पर ली थी। जुलाई महीने से कचरे को अलग करने का काम किया जा रहा था। 13 टन कचरा रोजाना मशीन के जरिए वर्गीकरण किया जाता है।
रोजाना की तरह कचरा वर्गीकरण का काम किया जा रहा था। स्क्रीनिंग मशीन चालू थी, इसी दौरान फंसा हुआ कचरा निकालने के लिए अतुल कावडे ने अपना हाथ मशीन में  डाला,  लेकिन उसका हाथ ही पट्टे में फंस गया। इसके बाद वो मशीन के साथ तेजी से घूमने लगा, कुछ ही देर में उसका हाथ शरीर से अलग हो गया। आसपास मौजूद मज़दूरों को जैसे ही हादसे का पता चला उन्होंने तुरंत मेन स्विच बंद किया, लेकिन तब तक अतुल की मौत हो चुकी थी। क-हाड महानगरपालिका के कर्मचारी किरण कांबले ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है।