गढ़चिरोली में मुठभेड़ : 13 नक्सलियों का खात्मा 

गढ़चिरोली, 21 मई : नक्सल प्रभावित गढ़चिरोली जिले में पुलिस, सी 60 टीम और नक्सलवादियों के बीच मध्यरात्रि से मुठभेड़ चल रहा है।  इस मुठभेड़ में अब तक 13 नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है।  इसके साथ ही कई लोगों के जख्मी होने की भी खबर है।

एटापल्ली तहसील के कोटमी पुलिस हेल्प सेंटर की सीमा में पैदी जंगल में यह मुठभेड़ चल रही है। पुलिस उपमहानिरीक्षक संदीप पाटिल के नेतृत्व में सी 60 की टीम नक्सलवादियों के खिलाफ अभियान चला रही है। फ़िलहाल गढ़चिरोली क्षेत्र में तेंदु पत्ता इकट्ठा करने का काम बड़े पैमाने पर चल रहा है।

इसके व्यापारियों से  नक्सलवादी बड़े पैमाने पर हफ्ता  वसूलते है।  इसी संदर्भ में नक्सलवादियों की एक बैठक पैदी जंगल में होने की जानकारी सी 60 टीम को मिली थी।  इस जानकारी के आधार पर टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।  यह ऑपरेशन चल ही रहा था तभी सुबह के वक़्त नक्सलवादियों के साथ कमांडो की मुठभेड़ शुरू हो गई।  यह मुठभेड़ अभी भी चल रही है।  कमांडों दवारा की गई फायरिंग में कई नक्सली जख्मी हो गए है।