वॉल्वो बस की टक्कर में मशहूर डॉक्टर की मौत

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन –  तेज रफ्तार वॉल्वो बस द्वारा पंचर टायर बदल रही एक कार को जोरदार टक्कर मारे जाने से हुए भीषण हादसे में पुणे के एक मशहूर डॉक्टर की मौत हो गई। मुंबई-पुणे एक्स्प्रेस वे पर बीती देर रात ओझर्डे गांव की सीमा में हुए इस भीषण हादसे में डॉक्टर की कार के चालक की भी मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में अन्य दो डॉक्टरों के भी घायल होने की खबर है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
डॉ केतन खुर्जेकर औऱ ज्ञानेश्वर भोसले की इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। उनके साथ जयेश पवार और प्रमोद भिलारे नामक डॉक्टर इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। डॉ खुर्जेकर पुणे के मशहूर अस्थिरोग अस्पताल संचेती हॉस्पिटल में अस्थिरोग विशेषज्ञ थे। आज उनके जन्मदिन के दिन ही उनकी इस तरह से मौत हो जाने से उनके परिवार में शोक व्याप्त है। वे अपने साथी डॉक्टरों के साथ मुंबई में एक मेडिकल कॉन्फ्रेंस में शामिल होने गए थे। वहां से पुणे वापसी के दौरान उनके साथ यह दर्दनाक हादसा हुआ।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, देर रात पुणे वापसी के दौरान एक्सप्रेस वे पर ओझर्डे गांव के पास डॉ केतन खुर्जेकर की कार का टायर पंचर हो गया। टायर बदलने के लिए उनका चालक भोसले नीचे उतरा था। डॉ खुर्जेकर भी उसकी मदद कर रहे थे। तब तेज रफ्तार से आई एक वॉल्वो बस ने उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो किलोमीटर की दूरी तक इसकी आवाज सुनाई दी और कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। इस हादसे में डॉ ओझर्डे और उनके चालक भोसले की मौके पर मौत हो गई जबकि अन्य दो डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।