किसानों को अपनी भाषा में खेतीबाड़ी की मिलेगी सारी जानकारी

पुणे : समाचार ऑनलाइन –  किसानों को स्थानीय भाषा में फसल और उनके खेत से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेटरोलॉजी (आईआईटीएम) पुणे ने एक मोबाइल ऐप्लिकेशन लॉन्च किया है। इस ऐप्लिकेशन को मेघदूत नाम दिया गया है, जिसे पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के निर्देशों के बाद तैयार किया गया। कृषि मौसम विभाग के अनुसार, इस ऐप्लिकेशन को पिछले महीने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के स्थापना दिवस के अवसर पर लॉन्च किया गया था।
इस एप्लिकेशन के जरिए उपयोगकर्ता जिले के आधार पर मौसम की जानकारी, अनुमान और बीजों से संबंधित बातें जान सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, वर्तमान में किसानों के बीच फसल से संबंधित जानकारियां साझा की जाती हैं और पीडीएफ प्रारूप में आईएमडी वेबसाइट पर डाला जाता है। इसमें सभी जिलों के लिए सलाह भी शामिल हैं। इस ऐप्लिकेशन के जरिए उपयोगकर्ता अपने-अपने जिलों के हिसाब से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आईएमडी का कृषि विभाग इस वर्ष से किसानों के लिए ब्लॉक लेवल पर भी किसानी से संबंधित जानकारियां साझा करेगा। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सहयोग से शुरुआत में 200 जिलों को जोड़ा जाएगा फिर धीरे-धीरे 660 को कवर किया जाएगा। यही नहीं, 660 जिलों के संबंधित कृषि विज्ञान केंद्रों में जिला कृषि इकाइयां स्थापित की जाएंगी।