फीफा वर्ल्डकप 2018 जीतकर फ्रांस दूसरी बार बना वर्ल्ड चैंपियन

पुणे | समाचार ऑनलाइन

क्रोएशिया को मात देकर फ्रांस फीफा फुटबॉल वर्ल्डकप में दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बना है। मॉस्को के लुज्निकी स्टेडियम में फ्रांस और क्रोएशिया के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में फ्रांस ने क्रोएशिया को 4-2 से हराया है। इससे पहले उसने 1998 में अपने घर में पहला वर्ल्डकप जीता था। वहीं अपने पहले वर्ल्डकप के फाइनल में क्रोएशिया को हार का सामना करना पड़ा।

खेल शुरू होने के बाद, 19वें मिनट में क्रोएशिया ने सेल्‍फ गोल कर फ्रांस को 1-0 से बढ़त दी। एंटनी ग्रीजमन ने फ्री-किक ली और मंडजुकिक के हेडर ने गेंद को अपने ही जाल में भेज दिया। 28वें मिनट में क्रोएशिया के लिए इवन पेरिसिक ने गोल कर टीम को बराबरी दिलाई। 38वें मिनट में फ्रांस को पेनाल्‍टी मिली और ग्रीजमन ने गोल कर फ्रांस को 2-1 से आगे कर दिया। हॉफ टाइम तक स्‍कोर 2-1 से फ्रांस के पक्ष में रहा।

हॉफ टाइम के बाद दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्‍कर देखने को मिली। 61वें मिनट में पॉल पोग्‍बा ने शानदार किक लगाकर फ्रांस की बढ़त 3-1 कर दी। छह मिनट बाद कीलियन एमबाप्पे ने फ्रांस को 4-1 से आगे कर दिया। क्रोएशिया के मांजुकिक ने फ्रांस के गोलकीपर ह्यूगो लोरिस की गलती का फायदा उठाकर अपनी टीम के लिए दूसरा गोल किया। इसके बाद गोल नहीं हो सका और फ्रांस की टीम दूसरी बार विश्व विजेता बनने में सफल रही।

फीफा ने इस साल विजेता टीम को 3.8 करोड़ डॉलर देने का ऐलान किया है। रनर-अप टीम को 2.8 करोड़ डॉलर मिलेंगे जबकि तीसरे स्थान पर रही बेल्जियम को 2.4 करोड़ डॉलर का पुरस्कार मिलेगा। चौथे स्थान पर आने वाली टीम को 2.2 करोड़ डॉलर मिलेंगे। यही नहीं, क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाली टीमों को 1.6 करोड़ डॉलर तथा अंतिम-16 में पहुंचने वाली टीमों को भी 1.2 करोड़ डॉलर मिलेंगे।

इससे पहले फीफा वर्ल्डकप के 21वें एडिशन का समापन समारोह कई शानदार व रंगारंग कार्यक्रमों का गवाह बना। इसमें हॉलीवुड स्टार विल स्मिथ, निक जेम्स, इरा इस्त्रेफेली ने अपनी प्रस्तुति दी। सबसे पहले गायक रोबी विलियम्स ने दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके बाद निक जेम्स ने अपनी धुन पर स्टेडियम को नचाया। कुछ देर बाद इरा उनके साथ आई और फिर स्मिथ ने तिगड़ी पूरी की। इन तीनों ने मिलकर इस विश्व कप का गाना ‘लिव इट अप’ गाया। इस दौरान स्टेडियम में नीले रंग की जमीन तैयार की गई जिस पर कई कलाकारों ने इस विश्व कप के पुराने पलों को दिखाया। अंत में इन कलाकारों ने फाइनल खेल रहीं फ्रांस और क्रोएशिया के झंडे तैयार किए।