अमेरिका में गोलीबारी, 11 की मौत 6 घायल

वर्जीनिया : समाचार एजेंसी – अभी-अभी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अमेरिका में गोलीबारी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, अमेरिका के वर्जीनिया प्रांत में एक शख्स ने सरकारी इमारत में गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हो गई वहीं छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह गोलीबारी वर्जीनिया बीच म्यूनसिपल सेंटर में की गई। पुलिस के अनुसार गोलीबारी करने वाला आरोपी भी यहीं का कर्मचारी था। बताया जा रहा है कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोलीबारी करने वाले शख्स को मार गिराया है।

हालांकि अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। यह गोलीबारी शुक्रवार को शाम 4 बजे हुई। गोलीबारी के दौरान जवाबी कार्रवाई करने पहुंचे पुलिसकर्मियों में से एक को गोली लगने के कारण वह घायल हो गया है। वहीं अभी तक आरोपी के गोलीबारी करने के कारण का पता नहीं चल सका है। आरोपी इस कृत्य में अकेला ही था और उसके साथ कोई शामिल नहीं था।

एक रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में मास शूटिंग की यह 150वीं वारदात है। इससे पहले भी कई बार यह देखने में आया है कि तनावग्रस्त लोगों ने आम लोगों पर गोलीबारी की है। कुछ वारदातों में यह गोलीबारी स्कूलों में बच्चों द्वारा भी की गई है।