गैस सिलेंडर ब्लास्ट में पांच घायल

पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन

गैस सिलेंडर में से गैस लीकेज के चलते हुए विस्फोट में एक ही परिवार के 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन बुरी तरह से झुलस गए हैं और अन्य दो मामूली तौर पर चोटिल हुए हैं। पिंपरी चिंचवड़ के नेहरूनगर इलाके के वसन्तदादा पाटिल विद्यालय के पीछे एक घर में शुक्रवार की सुबह आठ बजे यह हादसा हुआ।

पिंपरी पुलिस के अनुसार, नेहरूनगर के एक घर में सिलेंडर से गैस लीकेज होने से यह विस्फोट हुआ। इसमें सुरेंद्र सिंग, संंदीप सिंग और दुर्गेश सिंग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं अनिता सिंग, शिवा दुर्गे मामूली तौर पर घायल हुए हैं। ये सभी यहां पर किराये से रहते हैं। आज सुबह नींद से जागने के बाद किसी ने बिजली का कोई स्विच ऑन कर दिया और जोरदार आवाज के साथ विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना दमदार था कि घर की छत उड़ गई और सारा सामान बिखर गया। विस्फोट की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा जिससे लोगों में घबराहट फैल गई। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।