प्रकाश का पलटवार: 56 इंच भूल जाइए, 55 घंटे भी नहीं संभाल सके कर्नाटक

बेंगलुरु

कर्नाटक में भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद फिल्म अभिनेता परेश रावल और कुछ भाजपा नेताओं के साउथ के स्टार प्रकाश राज पर तंज कसे थे, लेकिन अब बारी प्रकाश राज की है। जैसे ही यह साफ़ हुआ कि राज्य में कांग्रेस और जेडीएस ने भाजपा को सत्ता से दूर कर दिया है, प्रकाश राज सक्रिय हो गए। उन्होंने एक ट्वीट करते हुए कहा, ‘कर्नाटक भगवा नहीं होने वाला। ये रंगीन रहेगा, खेल शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया। अब 56 इंच भूल जाइए, 55 घंटे भी कर्नाटक संभाल नहीं सके। सभी लोग अब गंदी राजनीति के लिए तैयार हो जाओ।

लोगों ने किया ट्रोल
हालांकि इस ट्वीट के बाद लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया। किसी ने उन्हें पूरे भारत का नक्शा पोस्ट कर बताया, तो किसी ने उन्हें जोकर बताया। गौरतलब है कि 15 मई को आए नतीजों के बाद भाजपा को कर्नाटक में 104 सीटें मिली थीं, लेकिन बहुमत का आंकड़ा 112 था। कांग्रेस ने यहां 78 और जेडीएस ने 38 सीटें हासिल की थीं। विधानसभा में शक्ति परीक्षण से पहले ही येदियुरप्पा ने इस्तीफा सौंप दिया, इसके बाद कांग्रेस और जेडीएस की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया।