स्टार्टअप में मुंबई पूरे देश में नंबर 1 : मुख्यमंत्री

मुंबई 2.0 परिषद के उद्घाटन के मौके पर देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया
मुंबई : समाचार ऑनलाइन – पहले कई लोग मुंबई को शंघाई बनाने की बात करते थे, लेकिन यह मुंबई, मुंबई ही है। इसका एक अलग कल्चर, स्पिरिट है। मुंबई का एक अलग फ्लेवर है। इस फ्लेवर को बनाए रखते हुए उसे और बढ़ाना है। मुंबई ने कई लोगों के सपने पूरे किए हैं। लेकिन, अभी भी कई लोगों के सपने पूरे नहीं हुए हैं। ऐसे लोगों का सपना पूरा करना मेरा विजन है। ये विचार मुंख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किए। वे मुंबई में आयोजित ‘मुंबई 2.0 परिषद’ में बोल रहे थे। इस मौके पर अभिनेता शाहरुख खान ने शिक्षा के क्षेत्र में काम करने की घोषणा की।

महाराष्ट्र सरकार और प्रोजेक्ट मुंबई द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘मुंबई 2.0 परिषद’ का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी व वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु की उपस्थिति में हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई मल्टीब्रांड शहर है। स्टार्टअप में पूरे देश में मुंबई अव्वल है। कुल स्टार्टअप का 25 फीसदी मुंबई में है जबकि दूसरे नंबर पर बेंगलुरु है जहां 16 प्रतिशत स्टार्टअप है। दिल्ली में 12 प्रतिशत स्टार्टअप है। मुंबई देश की आर्थिक राजधानी के अलावा फिनटेक, सूचना तकनीक व स्टार्टअप राजधानी के तौर पर विकसित हो रहा है। कॉमर्शियल प्लॉट की कमी है, लेकिन नये डेवलपमेंट प्लान में इसका प्रावधान किया गया है।

मुंबई के समुद्र को देखकर पहली बार शर्म आ रही : गडकरी
मुंबई की सड़कों पर इतना पानी भर जाता है कि उस पर जल परिवहन मार्ग शुरू हो सकता है। इस तरह की टिप्पणी करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि एक तरफ मुंबई में पानी में डूबकर लोग मरते हैं और दूसरी तरफ मुंबई की मनपा का कई हजार करोड़ रुपए का डिपॉजिट बैंक में है। मुंबई की खराब व्यवस्था को बदलने की जरूरत है। फिलहाल मुंबई में मूलभूत सुविधाओं का विकास हो रहा है, उन्होंने कहा कि मुंबई का समुद्र देखकर शर्म आती है। समुद्र का पानी इतना गंदा है कि इसे साफ करने की जरूरत है।