शिक्षा मंडल के पूर्व अध्यक्ष ठाकरे पत्नी के साथ भाजपा में हुए शामिल

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन  – शुरू से राष्ट्रवादी कांग्रेस के साथ जुड़े रहे पिंपरी चिंचवड मनपा शिक्षा मंडल के भूतपूर्व सभापति अर्जुन ठाकरे गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ उनकी पत्नी जोकि राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से नगरसेविका रह चुकी हैं, ने भी भाजपा में प्रवेश क़िया। भूतपूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा में विपक्षी दल के मौजूदा नेता देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में ठाकरे दंपति ने भाजपा का कमल थामा है।

पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस आज पिंपरी चिंचवड स्थित भोसरी में इंद्रायणी थड़ी मेले के उदघाटन के लिए पधारे थे। इस समारोह में ठाकरे दंपति ने भाजपा में प्रवेश किया। फडणवीस के हाथों उनका पार्टी में स्वागत किया गया। इस अवसर पर इंद्रायणी थड़ी के संयोजक भाजपा शहराध्यक्ष विधायक महेश लांडगे, विधायक लक्ष्मण जगताप, राज्यसभा सांसद अमर साबले, राज्य लोकलेखा समिति के अध्यक्ष एड सचिन पटवर्धन, प्राधिकरण के अध्यक्ष सदाशिव खाड़े, महापौर उषा ढोरे, सभागृह नेता एकनाथ पवार, स्थायी समिति सभापति विलास मडिगेरी आदि उपस्थित थे।

अर्जुन ठाकरे शुरू से राष्ट्रवादी कांग्रेस के साथ जुड़े रहे। राष्ट्रवादी की ओर से उन्हें पिंपरी चिंचवड मनपा के शिक्षा मंडल के सभापति पद का अवसर मिला।2012 के आम चुनाव में उनकी पत्नी मंदाकिनी ठाकरे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से पिंपरी के मासुलकर कालोनी प्रभाग से नगरसेविका का चुनाव लड़ा और जीता। हालांकि फरवरी 2017 में हुए दूसरे आम चुनाव में राष्ट्रवादी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। तब नाराज होकर उन्होंने आनन फानन में कांग्रेस का दामन थामा और कांग्रेस की टिकट से चुनाव लड़ा। हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली और वह चुनाव हार गई।