भूतपूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल का भाजपा प्रवेश को मिला मुहूर्त

पुणे: समाचार ऑनलाइन – राष्ट्रवादी कांग्रेस पर इंदापुर विधानसभा सीट कांग्रेस को देने का वादा पूरा न करने और चुनाव में दगाबाजी का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं भूतपूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल के भाजपा प्रवेश को मुहूर्त मिल गया है। उनके करीबियों ने बताया कि कल (बुधवार) को वे भाजपा में शामिल होंगे। उनके कट्टर कार्यकर्ताओं ने मुंबई जाने की तैयारियां शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पाटिल अपने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में प्रवेश करेंगे।
पाटिल ने हालिया संकेत दिए कि वह आगामी कुछ दिनों में भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उनके निर्वाचन क्षेत्र इंदापुर की सीट से वर्तमान में राष्ट्रवादी कांग्रेस के दत्ता भरणे विधायक हैं। गत सप्ताह उन्होंने अपनी राजनीतिक दिशा तय करने के उद्देश्य से इंदापुर में जनसँकल्प सम्मेलन आयोजित किया था। इसमें उनके समर्थकों ने उन्हें भाजपा में शामिल होने की सलाह दी थी। इसके बाद पाटिल ‘नॉट रिचेबल’ हो गए और दो दिन बाद सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ उनके दफ्तर में नजर आए।
मुख्यमंत्री के साथ फ़ोटो वायरल होने के बाद से हर्षवर्धन पाटिल के भाजपा में शामिल होने की चर्चा पर मुहर लग गई थी। अब उनके प्रवेश को मुहूर्त भी मिल गया है। उनके करीबियों के अनुसार पाटिल कल मुंबई में अपने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में प्रवेश करेंगे। उनके समर्थकों ने मुंबई जाने की तैयारियां भी शुरू कर दी है। वैसे तो गणेश विसर्जन में अभी एक दिन बाकी है, मगर उससे पहले ही पुणे के इंदापुर तालुका में कांग्रेस का विसर्जन होने जा रहा है।
गत सप्ताह हुआ था फैसला
हर्षवर्धन पाटिल ने गत सप्ताह जनसँकल्प सम्मेलन में कहा था कि, लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी की मौजूदगी में यह निर्णय हुआ था कि राज्य विधानसभा चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस यह सीट कांग्रेस के लिए छोड़ेगी और इस कारण हम सभी ने राष्ट्रवादी की उम्मीदवार सुप्रिया सुले के लिए काम किया तथा उन्हें 71 हजार मतों की बढ़त दिलाई। मगर अब राष्ट्रवादी अपना वादा पूरा करेगी, ऐसा नहीं लगता। उन्होंने भाजपा में जाने के संकेत देते हुए इंदापुर के लोगों से संबंधित मुद्दों के समाधान में मदद के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सराहना की। उन्होंने जब अपने समर्थकों से उनकी चाहत के बारे में पूछा तो वे ‘बीजेपी, बीजेपी, मोदी, मोदी’ के नारे लगाने लगे। पाटिल ने कहा कि वह अपने सभी समर्थकों की भावनाओं का सम्मान करते हैं और निर्वाचन क्षेत्र के लोगों, उनकी आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेंगे। हर कोई जानता है कि देश में किस तरह की हवा चल रही है, इसलिए आगामी दिनों में भविष्य की रूपरेखा को लेकर निर्णय करेंगे।