कश्मीर घाटी में ताजा बर्फबारी

श्रीनगर (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – कश्मीर में शुक्रवार को बर्फबारी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में रविवार तक मौसम की स्थिति समान रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, “आज मैदानी इलाकों में हल्की और ऊंचे स्थानों पर सामान्य बर्फबारी हुई। अगले 72 घंटों तक मौसम की स्थिति खराब रहेगी और इससे हवाई और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।”

श्रीनगर और अन्य जगहों पर शुक्रवार सुबह बहुत कम लोग अपने घरों से बाहर निकले। घर की छतें, सड़कें और खुले मैदान बर्फ की चादर से पूरी तरह ढक गए। श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.0 डिग्री नीचे, पहलगाम में शून्य से 3.0 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 7.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

लेह शहर में तापमान शून्य से 9.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जबकि द्रास राज्य में सबसे कम तापमान रहा, जो शून्य से 15.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। जम्मू का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस, कटरा का 7.8 डिग्री, बटोटे का 1.5 डिग्री, बनिहाल का 2.1 डिग्री और भद्रवाह का 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।