शराब पिलाकर 22 वर्षीय महिला का गैंगरेप

पुणे : समाचार ऑनलाईन – पहाड़ी पर ले जाकर जबरन शराब पिलाकर एक 22 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप किए जाने की चौंकानेवाली वारदात पुणे के पिसोली में सामने आई है। शनिवार की शाम पिसोली की पहाड़ी पर हुई इस वारदात में पीड़ित महिला की शिकायत पर कोंढवा पुलिस ने कृष्णा बबन जाधव (निवासी गोंधले नगर, हडपसर, पुणे) और अक्षय चव्हाण के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता एक विधवा है। वह हडपसर इलाके में रहती है। अक्षय और कृष्णा उसके घर के पास रहते हैं और उनके साथ उसकी जान पहचान है। शनिवार शाम को अक्षय महिला के घर आया और कृष्णा जाधव की तबीयत ठीक नहीं बताकर उसे कार में बैठाकर ले गया। इसके बाद कालेपडल में कृष्णा उनसे मिला। आगे उंड्री से उन्होंने शराब खरीदी और महिला को लेकर पिसोली की पहाड़ी पर ले गए।
यहां दोनों ने महिला को जबरन शराब पिलाई। जब वह नशे में धुत हो गई तब पहले कृष्णा ने फिर अक्षय ने उसके साथ बारी- बारी से बलात्कार किया। यही नहीं विरोध करने पर उन्होंने महिला से मारपीट भी की। उनके चुंगुल से निकलकर महिला पहाड़ी से नीचे आयी और चीख- पुकार करने लगी। उसकी आवाज सुनकर पुलिस को इत्तला दी गई। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज शुरू है। इस बारे में प्राथमिकी दर्ज कर कोंढवा पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।