धूमधाम से हुआ गणपति बाप्पा का आगमन

पुणे: समाचार ऑनलाइन – गणपति बाप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया के जयघोष और पारंपारिक वाद्यों की गूंज से सोमवार को पुणे में धूमधाम से गणपति बाप्पा का आगमन हुआ। दोपहर दो बजे से पहले सम्मान के पांच गणपतियों की प्रतिष्ठापना की गई।

सोमवार की सुबह दस बजे सम्मान के पांच कसबा गणपति, तांगड़ी जोगेश्वरी, गुरूजी तालीम, तुलशीबाग तथा केसरी वाड़ा इन गणपतियों की ढोल ताशा, सनई, बैंड, नगारा वादन के साथ अलग अलग मार्गों से शोभायात्रा निकाली गई। गुरूजी तालीम मंडल की शोभायात्रा में पहली बार कैदियों का ढोल पथक शामिल हुआ था जिन्हाेंने सभी का ध्यान खींचा।

श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति की सुबह साढ़े आठ बजे शोभायात्रा निकाली गई। मूर्ति आकर्षक फुलों से सजाए हुए शेषात्मज रथ पर विराजमान थी। शोभायात्रा में सनई-नगारा, ढोल लेझीम, बैंड आदि के पथक शामिल हुए थे। इसके अलावा अखिल मंडई मंडल, भाऊसाहेब रंगारी, बाबू गेनू इन जाने माने गणपतियों की भी शोभायात्रा निकाली गई। फुलों के मयूर रथ पर सवार बाबू गेनू मंडल की शोभायात्रा में पारंपारिक नऊवारी साड़ी पहनकर युवतियां ध्वज लेकर शामिल हुई थीं। दोपहर दो बजे से पहले सभी गणपतियों की प्रतिष्ठापना की गई।

31 हजार 500 सीसीटीवी कैमरों का रहेगा वॉच

गणेशोत्सवम में किसी भी प्रकार की बुरी घटना ना हो इस हेतु शहर पुलिस ने कड़ा बंदोबस्त तैनात किया है। शहर के संवेदनशील, अतिसंवेदनशील इलाकों समेत कई जगहों पर कुल 31 हजार 500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है जिसके आधार पर पूरे गणेशोत्सव पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। इसके अलावा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मियों के साथ गृहरक्षक दल के 600 जवान और राज्य आरक्षित पुलिस दल की दो कंपनियां भी बंदोबस्त के लिए तैनात है।