स्थायी समिति सभागृह के बाहर कचरा फेंको आंदोलन

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – कचरा संकलन की नई व्यवस्था को शुरू हुए 10 दिन बाद भी घर- घर जाकर कचरा जमा करने और कचरा कुंडियों से कचरा उठाने का कामकाज सुचारू नहीं हो सका है। नतीजन पिंपरी चिंचवड़ शहर में कचरे की समस्या भीषण बन गई है। लोगों में इसको लेकर काफी नाराजगी है और उनकी नाराजगी का सामना नगरसेवकों को करना पड़ रहा है। इसके चलते बुधवार को नगरसेवकों का आक्रोश भड़का और उन्होंने मनपा मुख्यालय में ही स्थायी समिति सभागृह के बाहर कचरा फेंककर आंदोलन किया।

गत सप्ताह ही मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर को शिवसेना गुटनेता राहुल कलाटे, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के गुटनेता सचिन चिखले, राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नगरसेवक मोरेश्वर भोंडवे, राजु मिसाल, शाम लांडे,भाजपा नगरसेवक शञुघ्न काटे, नामदेव ढाके, पूर्व नगरसेवक मारूती भापकर, शिवशाही व्यापारी संघ के संस्थापक अध्यक्ष युवराज दाखले, साहील शेख, सतिष भवाल, मनोज लांडगे आदि ने इसी मुद्दे पर घेर लिया था। आयुक्त ने नगरसवेकों को भरोसा दिलाया था कि दो दिन में कचरा संकलन का कामकाज सुचारू हो जाएगा।

संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने का आश्वासन भी आयुक्त ने दिया था। इसके बाद शिवसेना ने भी इस मसले पर आंदोलन किया था। मगर सप्ताह भर बाद भी हालात जस का तस हैं। बार- बार शिकायत के बावजूद मसला हल नहीं हो रहा और प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। इससे लोगों और नगरसेवकों का आक्रोश बढ़ रहा रहा है। आज स्थायी समिति की सभा के बाहर समिति में शामिल रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस के सदस्य मयूर कलाटे और पंकज भालेकर ने कचरा फेंककर आंदोलन किया। उन्होंने बताया कि शहर में कचरे की समस्या विकराल रूप धारण कर गई है। जगह- जगह कचरा कुंडियां ओवरफ्लो हो गई हैं, कचरा, बदबू और गंदगी का साम्राज्य बन गया है।