भारती विद्यापीठ इलाके में हुए गोलीबारी कांड का पर्दाफाश, व्यवसायी पर हमला करनेवाला गवई गिरफ्तार

पुणे: राशन की दुकान पर हुए गोलीबारी मामले में राज पर से पर्दा उठाने में पुलिस को सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने एक को गिरफ्तार भी किया है, लेकिन गोलीबारी करनेवाला मुख्य सूत्रधार व उसका साथी फरार है। 14 फरवरी की रात को यह घटना हुई थी।

अशोक गोविंदराव गवई (उम्र 55, नि. वारजे मालवाडी) गिरफ्तार आरोपी का नाम है। इस घटना में विशाल प्रह्लाद पंजाबी (उम्र 36) घायल हुए थे। इस मामले में भारती विद्यापीठ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। रामधन विश्वकर्मा, राजासिंग उर्फ राजकुमार और सूरज कुमार (नि. कात्रज, मूल. उत्तर प्रदेश) फरार है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पंजाबी की भारती विद्यापीठ परिसर के दत्तनगर क्षेत्र में शिवंजली चौक पर राशन की दुकान है। यह दुकानदार दुकान के बाहर रुका था तभी हमलावर ने उसके पास आकर गोली चलाई। इसमे पंजाबी घायल हो गए। उन्हे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वही हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन गोलीबारी क्यो हुई और किसने किया इसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। क्राइम ब्रांच और भारती विद्यापीठ पुलिस इसकी खोज कर रहे थे। तकनीकी जांच के दौरान अशोक गवई की जानकारी मिली, लेकिन अशोक फरार था। इसी दौरान उसके आंबेगांव परिसर में आने की जानकारी मिली। इसके अनुसार टीम ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया। उसके बाद उसने गुनाह की बात कबूली। उसने कहा कि लूट के उद्देश्य से उसने यह क्राइम किया था। उसने इस तरह के कई गुनाह किए हैं।