मराठा आरक्षण: 12 दिनों से चल रहा है अनशन, सरकार ने नहीं ली सुध

मुंबई | समाचार ऑनलाइन – मराठा आरक्षण की मांग को लेकर सकल मराठा क्रांति मोर्चा द्वारा आज़ाद मैदान में पिछले 12 दिनों से अनशन किया जा रहा है, लेकिन सरकार ने अब तक इसकी सुध नहीं ली है। अनशन पर बैठे कुछ कार्यकर्ताओं को तबीयत ख़राब होने के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मोर्चे की तरफ से कहा गया है कि यदि उसके कार्यकर्ताओं को कुछ होता है, तो इसके लिए राज्य सरकार ज़िम्मेदार होगी। इस अनशन आंदोलन का नेतृत्व मोर्चे के  समन्वयक संभाजी पाटिल कर रहे हैं।

क्या हैं मांगें

– मराठा आरक्षण के लिए आत्महत्या करने वालों के परिजनों को 10-10 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए   

– आंदोलनकरियों के खिलाफ दर्ज किये गए सभी मामले वापस लिए जाएं

– सारथी संस्था के अध्यक्ष सदानंद मोरे का इस्तीफा लिया जाए

सकल मराठा क्रांति मोर्चा की तरफ से कहा गया है कि यदि 16 नवंबर तक सरकार इन मांगों को नहीं मानती, तो पूरे राज्य के मराठा बंधू मुंबई आकर मंत्रालय के सामने और आजाद मैदान में आंदोलन करेंगे। वहीं, 26 नवंबर को अन्य मराठा संगठनों द्वारा मुंबई में प्रदर्शन किया जाएगा, हालांकि सकल मराठा क्रांति मोर्चा इसमें शामिल नहीं होगा।