सरकार जो एनआरसी से नहीं कर पाई, अब एनपीआर से करने जा रही : अखिलेश

लखनऊ, 26 दिसंबर (आईएएनएस)| समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार जो कम एनआरसी से नहीं कर पाई, वह अब एनपीआर से करने जा रही है। अखिलेश गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जातीय जनगणना कराने में सरकार को दिक्कत क्यों है? एनपीआर में कई ऐसे बिंदु लाए गए हैं, जिनके कागज मिलेंगे ही नहीं। ये जो काम एनआरसी से नहीं कर पाए, वो एनपीआर से कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनों के दौरान लोगों की जान जाने का कारण मुख्यमंत्री की भाषा है। मुख्यमंत्री के ‘ठोको’ बोलने का यह परिणाम है। कई वीडियो आए हैं, जिसमें पुलिस ने नुकसान किया है। भाजपा सरकार अपने मुद्दे पर विफल है, तभी ऐसा कर रही है।

अखिलेश ने कहा, “हिंदू-मुस्लिम एकता से यह सरकार डरी हुई है। जनता पर अपराधी होने का आरोप लगा रही है। गरीब लोगों की संपत्ति जब्त करना चाह रही है। लोगों के पहनावे पर टिप्पणी कर रही है। नागरिकों से बदला लेने की धमकी दे रही है, लेकिन सरकार यह बताए कि पुलिस की बर्बरता की जांच कब होगी?”