गुरुग्राम : कर्नाटक के भाजपा विधायकों के होटल के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन

गुरुग्राम, 16 जनवरी (आईएएनएस)- कर्नाटक की राजनीति के हालिया घटनाक्रम के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को गुरुग्राम के उस होटल के बाहर प्रदर्शन किया, जिसमें कर्नाटक के करीब 90 भाजपा विधायक ठहरे हुए हैं। कर्नाटक में दो निर्दलीय विधायकों के समर्थन वापस लेने पर कांग्रेस-जद (एस) सरकार पर संकट के बादल छाए हुए हैं।

कांग्रेस की स्थानीय इकाई के कार्यकर्ताओं ने प्रदीप की अगुवाई में नारेबाजी की और विधायकों को वापस कर्नाटक जाने के लिए कहा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके वापस जाने तक वे उस जगह से नहीं हटेंगे। कहा जा रहा है कि 90 से ज्यादा विधायकों को होटल में रखा गया है।

होटल ने विरोध प्रदर्शन के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। होटल ने कहा है कि इससे उसके अतिथियों को असुविधा हो रही है।

पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने आखिकार अपना आंदोलन वापस लिया।

भाजपा विधायक कांग्रेस के आरोपों के बीच रिसॉर्ट होटल में ठहरे हुए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कुमारस्वामी सरकार को अस्थिर करने की कोशिश में लगी है, जिससे भगवा पार्टी ने इनकार किया है।

निर्दलीय विधायक आर. शंकर व एच.नागेश ने कुमारस्वामी सरकार से समर्थन वापस ले लिया है। लेकिन मुख्यमंत्री का दावा है कि उनकी सरकार सुरक्षित है, क्योंकि उनके पास अभी भी बहुमत है। कांग्रेस नेताओं ने भी ऐसे ही दावे किए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री व कर्नाटक भाजपा के नेता बी.एस. येदियुरप्पा ने विधायकों के साथ बैठक की है। उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है कि उनकी पार्टी सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है।