8 राज्यों में आतंकवादी हमले का अलर्ट जारी, बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था 


मुंबई : समाचार ऑनलाइन –
ईस्टर के मौके पर श्रीलंका में हुए आत्मघाती हमले को देखते हुए अब देश में आतंकवादी हमले की आशंका जताई जा रही है। बेंगलुरु पुलिस को एक व्यक्ति ने फ़ोन कर देश के 8 राज्यों में आतंकवादी हमले होने की आशंका जाहिर की है। इसलिए कर्नाटक डीजीपी ने केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, गोवा और पोंडिचेरी को पत्र भेजकर अलर्ट किया है। साथ ही फ़ोन पर जानकारी देने वाले व्यक्ति ने 19 आतंकवादी के तमिलनाडु के रामनाथपुरम में दाखिल होने की जानकारी दी है। ईस्टर पर श्रीलंका में हुए आत्मघाती हमले में 253 लोगों की जान गई है। इसके बाद अब देश में आतंकवादी हमला होने की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है। देश के प्रमुख स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

तमिलनाडु के रामनाथपुरम में 19 आतंकवादियों के छुपे होने की जानकारी एक व्यक्ति ने फ़ोन पर दी है। फ़ोन करने वाला मूर्ति ट्रक ड्राइवर बताया जा रहा है। फ़ोन करने वाले व्यक्ति का नाम स्वामी सुंदर मूर्ति है। शुक्रवार शाम 5 बजे स्वामी सुंदर मूर्ति ने बेंगलुरु पुलिस स्टेशन में फ़ोन कर इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आतंकवादी ट्रेन पर हमला कर सकते हैं।

इस बीच एक व्यक्ति ने चेन्नई पुलिस को फ़ोन कर तमिलनाडु के प्रसिद्ध पंबन सी ब्रिज को उड़ाने की धमकी दी है। इसके बाद बम स्कवॉड की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।