महामारी के बाद से अब तक का सबसे आंकड़ा, 24 घंटे में 4,187 लोगों की मौत  

ऑनलाइन टीम. नई दिल्ली : देश में पहली बार 24 घंटे में रिकॉर्ड 4,187 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। महामारी के शुरू होने से लेकर अब तक एक दिन में जान गंवाने वालों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। हाहाकार मचा हुआ है। पिछले तीन दिन से हर रोज 4 लाख से अधिक नए कोरोना मरीज मिल रहे हैं। यह रफ्तार पिछले दो महीने में तेजी से बढ़ी है। अकेले मई महीने में सिर्फ 8 दिन में 31 लाख से ज्यादा मामले आ चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा जारी है। बीते 24 घंटों में  4,01,078 नए कोरोना मरीज मिले हैं। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 37,23,446 पहुंच गए हैं। देखा जाए तो बीते 82 दिन में संक्रमितों की संख्या दोगुनी हो गई। सक्रिय मामलों की संख्या अमेरिका के बाद सबसे अधिक भारत में है।
कोरोना के नए मामलों में उछाल की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम होने से एक्टिव केस की संख्या भी बढ़ी है। देश में कुल 37,23,446 एक्टिव केस हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, एक दिन यानी पिछले 24 घंटे में 3,18,609 लोग महामारी से ठीक हुए हैं जबकि अब तक 1,79,30,960 लोग वायरस को मात देने में सफल रहे हैं।

खुद करें अपना बचाव

साबुन या सैनिटाइज़र : साबुन और पानी से हाथों को साफ करने का तरीका अब भी सबसे अच्छा है. हाथों को कम से कम 20 सेकंड तक साबुन और पानी से धोया जाना चाहिए।  यदि साबुन और पानी उपलब्ध नहीं है, तो कम से कम 60 प्रतिशत अल्कोहल वाले हैंड सैनिटाइज़र का उपयोग करें, मगर हैंड सैनिटाइज़र को एक हथेली पर लगाने के बाद दोनों हाथों को एक साथ रगड़ना चाहिए। रगड़ते समय, जेल को हाथ की सभी सतहों को कवर करते हुए अंगुलियों पर फैलाया जाना चाहिए और यह प्रक्रिया जेल के पूरी तरह सूखने तक की जानी चाहिए।