हांगकांग : प्रदर्शनकारियों पर गोली चली, जलतोप का इस्तेमाल

हांगकांग (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – हांगकांग पुलिस के एक अधिकारी ने यहां विरोध प्रदर्शन के दौरान गोली चला दी। विरोध प्रदर्शन जून में शुरू हुआ था, तब से लेकर अब प्रदर्शनकारियों पर पहली बार बंदूक का इस्तेमाल किया गया। जो तस्वीरें आई हैं, उनमें कई अधिकारी प्रदर्शनकारियों पर बंदूक ताने हुए दिख रहे हैं। वे पहले डंडे लेकर उनके पीछे भाग रहे थे।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, एक अन्य कार्रवाई के तहत पुलिस ने रविवार को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पानी की बौछारें कीं।

विरोध प्रदर्शन सुएन वान जिला में शुरू हुआ और वहां से सिम शा सुई जिले तक फैल गया।

विरोध प्रदर्शन एक प्रत्यर्पण विधेयक के खिलाफ शुरू हुए थे और तब से ये बदल कर सरकार विरोधी प्रदर्शन में बदल गए, और रविवार से स्थिति और बिगड़ गई है।

पुलिस ने स्थानीय मीडिया को बताया कि प्रदर्शनकारियों को चेतावनी देने के लिए गोली चलाई गई थी, और हिंसा के कारण घायल हुए कई अधिकारियों को हॉस्पिटल ले जाया गया है।

पुलिस अधीक्षक लीऊंग क्वोक-विंग ने नहीं बताया कि गोली का निशाना किस पर लगाया गया था।

हिंसा के दौरान एक वृद्ध व्यक्ति को पुलिस के सामने घुटनों पर बैठकर उससे गोली नहीं मारने का आग्रह करते हुए देखा गया। हिंसा से पहले प्रदर्शनकारियों को पुलिस पर ईंटें और पेट्रोल बम फेंकते देखा गया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए रबर बुलेट, आंसूगैस के गोले और जलतोप का भी इस्तेमाल किया।