पति को था चरित्र पर शक, पत्नी ने दे दी जान

पुणे/समाचार ऑनलाइन

पति द्वारा अपने चरित्र पर शक किये जाने से परेशान एक 28 वर्षीय महिला ने खुदकुशी कर ली। मृतका का नाम प्रणीता टाले है। सांगवी की इस घटना में प्रणीता की मां ने उसके पति उमेश टाले के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

जानकारी के अनुसार, पिंपले गुरव के समर्थ नगर निवासी प्रणीता और उमेश की पांच साल पहले शादी हुई थी। दोनों की एक 3 साल की बच्ची भी है। बीते कुछ महीनों से उमेश को प्रणीता के चरित्र पर शक था, जिसके चलते दोनों में झगड़े होते रहते थे। रोज़ के तानों और लड़ाई-झगड़ों से प्रणीता काफी परेशान हो गई थी और इसी वजह से उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सांगवी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपी पति को हिरासत में नहीं लिया गया है।