व्हाट्सऐप ग्रुप के एडमिन हैं तो ये खबर ज़रूर पढ़ लें, वरना मुश्किल में पड़ सकते हैं

राजगढ़ | समाचार ऑनलाइन

यदि आप भी किसी व्हाट्सऐप ग्रुप के एडमिन हैं, तो यह खबर आपके लिए खासी महत्वपूर्ण है। मध्यप्रदेश के राजगढ़ में 21 वर्षीय बीएससी के छात्र जुनैद खान को केवल इसलिए गिरफ्तार कर लिया गया, क्योंकि उसके ग्रुप पर आपत्तिजनक संदेश शेयर किए जा रहे थे। गौर करने वाली बात ये है कि जुनैद बाई डिफॉल्ट ग्रुप एडमिन बना था। दरअसल, ग्रुप के पहले एडमिन इरफ़ान ने आपत्तिजनक मैसेज भेजा और ग्रुप छोड़ दिया जिसके बाद जुनैद डिफाल्ट एडमिन बन गया। जब स्थानीय लोगों ने ग्रुप के मैसेज के बारे में शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस ने इरफ़ान और जुनैद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। जुनैद को 14 फरवरी 2018 को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद वह जेल की सजा काट रहा है। जुनैद पर आईटी एक्ट के साथ देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है।

परिजनों का कहना है कि आपत्तिजनक मैसेज फॉरवर्ड होने के बाद वास्तविक ऐडमिन ने ग्रुप छोड़ दिया और जब पुलिस की कार्रवाई हुई तो उस समय तक जुनैद एडमिन बन गया था जिस कारण पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जुनैद के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चल रहा है। पुलिस के अनुसार जब इस मामले पर कार्रवाई की गई तो जुनैद उस व्हाट्सऐप ग्रुप का एडमिन था ऐसे में जुनैद ही उस मैसेज के लिए जिम्मेदार है। देशद्रोह का मामला होने के कारण कोर्ट ने भी जुनैद को जमानत देने से इनकार कर दिया, जिसके कारण वह बीएससी की परीक्षा भी नहीं दे सका।

जाहिरात