ताजमहल जा रहे हैं तो ये ज़रूर पढ़ लें, वरना हो सकती है कार्रवाई

आगरा: समाचार ऑनलाइन – अगर आप ताजमहल का दीदार करने जा रहे हैं, ते ये खबर ज़रूर पढ़ लें, अन्यथा आप मुश्किल में पड़ सकते हैं। आर्किओलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) ने पर्यटकों के लिए एक फरमान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि पर्यटक ताजमहल से उचित दूरी बनायें। सीधे शब्दों में कहें तो अब ताजमहल को छूना मना है।यदि आप ताजमहल को छूते हैं और मना करने के बाद भी नहीं मानते, तो आपके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इस आदेश के पीछे ताजमहल को गंदा होने से बचाने का तर्क दिया गया है।

गौरतलब है कि ताजमहल का रंग पीला और काला हो रहा है। इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी सरकार को फटकार लगा चुका है। ताज को पीलेपन से बचाने के लिए मडपैक थैरेपी का इस्तेमाल किया जा चुका है।हाल ही में ताजमहल के पत्थर को साफ रखने के लिए स्टीम बॉथ भी दिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि ताजमहल का ऊपरी हिस्सा कुछ हद तक साफ़ हो गया है, लेकिन नीचे का भाग गंदा दिखाई देता है। इसकी वजह है पर्यटकों द्वारा जाने-अनजाने में ताजमहल की दीवारों को छूना। इसी के चलते ये फैसला लिया गया है। इसके अलावा, ताज की दीवारों के किनारे दो से ढाई फुट की दूरी पर स्टील की रैलिंग लगाई जा रही है। जिससे दीवारों और पर्यटकों के बीच में एक दूरी बनी रहे, हालांकि इसके बाद भी यदि पर्यटक नहीं मानते तो फिर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।