स्क्रैप व्यवसाय के विवाद में महिला से सामूहिक दुष्कर्म 

पिंपरी। संवाददाता – स्क्रैप के व्यवसाय में चल रहे विवाद के चलते एक महिला के साथ दो लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किये जाने की चौंकानेवाली वारदात शनिवार की रात सामने आयी है। पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय के आलंदी पुलिस थाने की सीमा में धानोरे में यह वारदात हुई है। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देनेवालों समेत उन्हें वारदात में सहयोग देनेवाले कुल चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में धानोरे निवासी आकाश अनिल झरकर, सचिन अशोक गावडे, सद्दाम अब्दुलबारी हुसेन, सलमान उर्फ नसिब मुबारक अली का समावेश है।
आलंदी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला और उसका परिवार चरहोली खुर्द में रोजी- रोटी के लिए आ बसा है। उसका परिवार यहां एक टीन के कमरे में स्क्रैप का व्यवसाय कर अपना गुजर- बसर करता है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल सद्दाम हुसैन का भी स्क्रैप का व्यवसाय है और उसका महिला के परिवार से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने अपने साथ सलमान अली के साथ मिलकर गावड़े और झरकर को उक्त घिनौनी वारदात के लिए अपने साथ शामिल कर लिया। उन्होंने बीती रात पीड़ित महिला को कुदलवाड़ी में उसकी ननद के घर जाकर रहने को लेकर धमकाया। महिला के मना करने पर उसे चाकू की नोंक पर गाडी पर बिठाया और वहाँ से थोड़ी दूर जाने के बाद झरकर और गावड़े ने बिच बीच राह में ही गाडी रोक दी और सुनसान जगह पर ले जाकर महिला के साथ बारी- बारी से बलात्कार किया। महिला की शिकायत पर आलंदी पुलिस ने रातोंरात खोजबीन करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।