मंगल गुरु की शांति करने के नाम पर विवाहिता को किया प्रताड़ित

पुणे : समाचार ऑनलाइन – पुणे के कात्रज इलाके में मंगल गुरु की शांति कराने के नाम पर महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया है। साथ ही अंधश्रद्धा और अघोरी विद्या का सहारा लेकर महिला को डराने धमकाने और दहशत फैलाकर मायके से 2 लाख रुपए लाने की भी मांग की गई। महिला द्वारा विरोध करने पर बुरी तरह से मारपीट कर शारिरिक और मानसिक रुप से प्रताड़ित किया गया है। इस मामले में ससुरालवालों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में पति, सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार इस मामले में 23 वर्षीय पूजा अमित क्षीरसागर नामक महिला ने अपने ससुरालवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवायी है। इस मामले में अमित मोहनराव क्षीरसागर (30), मोहनराव क्षीरसागर (57) और सुनीता क्षीरसागर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
महिला की शादी अमित क्षीरसागर से हुई थी। महिला के साथ 24 अप्रैल 2018 से 16 नवंबर 2018 के दौरान मायके से दो लाख रुपए लाने को लेकर प्रताड़ित किया गया। साथ ही महिला ने आरोप लगाया है कि सास जादूटोना कर रात में बाल खुलेकर जमीन पर लोढती थी और महिला को जादूटोना के जरिए भय पैदा करती थी।
तेरी कुंडली में मंगल गुरु है, इसकी शांति के लिए अपने पिता से 2 लाख रुपए लाने की धमकी दी गई। महिला को अमावस्या और पूर्णिमा के समय संजय मोहिते नामक भोंदू बाबा के पास देर रात जबरदस्ती ले जाया जाता था। महिला द्वारा भोंदू बाबा के पास जाने से विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट और मानसिक तकलीफ दी जाती थी। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।