कल्कि कोचलिन ने किया #MeToo का समर्थन

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – बॉलीवुड अभिनेत्री कल्कि कोचलिन ने #MeToo अभियान का समर्थन किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह खुद भी शोषण का सामना कर चुकी हैं। कल्कि ने कहा कि महिलाओं का यौन उत्पीड़न होता है और उन्हें मुंह बंद रखने के लिए धमकियां दी जाती हैं, लेकिन अब महिलाएं अपने डर को मात देकर आवाज़ उठा रही हैं। वह अपने साथ हुए गलत व्यवहार पर बात करने में अब शर्म महसूस नहीं करतीं।#MeToo मूवमेंट ने शोषण का शिकार महिलाओं को एक रास्ता दिखाया है, इस आंदोलन ने यह साबित कर दिया है कि क्या हो सकता है और क्या नहीं।

कल्कि ने #MeToo अभियान पर अपनी जिंदगी का सच सबके सामने रखा। उन्होंने कहा कि वह बचपन में यौन उत्पीड़न का शिकार हुई थीं। उन्हें इस लड़ाई में बहुत कुछ झेलना पड़ा था। गौरतलब है कि भारत में इस अभियान ने तनुश्री दत्ता के आरोपों के बाद रफ़्तार पकड़ी थी। तनुश्री ने नाना पाटेकर पर अपने उत्पीड़न का आरोप लगाया था। अब तक कई बड़ी हस्तियां इस अभियान के फेर में फंस चुकी हैं।