कंगना ने फिर महाराष्ट्र सरकार पर साधा निशाना, कहा- कितने घर तोड़ेंगे, कितने गले दबाएंगे आप 

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक टीवी के मुख्य संपादक अर्नब गोस्वामी को दो साल पुराने इंटीरियर डिज़ाइनर सुसाइड केस के सिलसिले में गिरफ़्तार किया है। टीआरपी स्कैम को लेकर पहले ही सुर्ख़ियों में रहे अर्नब के ख़िलाफ़ मुंबई पुलिस की इस कार्रवाई से सोशल मीडिया में हंगामा मचा हुआ है। इसी क्रम में अभिनेत्री कंगना रनोत ने महाराष्ट्र सरकार पर तीख़ा हमला किया।  कंगना ने ट्वीट कर लिखा कि ये लड़ाई सिर्फ अर्नब की या मेरी नहीं है, यह लड़ाई सभ्यता की है। अगर आपको याद हो तो कंगना ने महाराष्ट्र सरकार के ख़िलाफ़ पहली बार तब बोला था, जब बीएमसी ने उनके ऑफ़िस में अवैध निर्माण के आरोप को लेकर शिकायत की थी।

इससे पहले शिवसेना सांसद संजय राउत के साथ भी कंगना की ज़ुबानी जंग काफ़ी चर्चित रही थी। अब कंगना ने अर्नब के घर से हिरासत में लेने का वीडियो सार्वजनिक होने के कुछ देर बाद ही एक वीडियो के ज़रिए महाराष्ट्र सरकार को घेरा है। कंगना वीडियो में कहती हैं कि मैं महाराष्ट्र सरकार से यह कहना चाहती हूं कि आज मुंबई पुलिस ने अर्नब गोस्वामी को उनके घर में जाकर मारा है।

उनके बाल नोचे हैं। उन पर हमला किया है। कितने घर तोड़ेंगे आप। कितने गले दबाएंगे आप। कितने मुंह बंद करेंगे आप। यह मुंह बढ़ते ही जाएंगे। कितने शहीदों को फ्री स्पीच के लिए गले काटे गये हैं। एक आवाज़ बंद करेंगे, कई उठ जाएंगी। कितनी आवाज़ें बंद करेंगे आप ?

गौरतलब है कि कंगना ने इससे पहले रिपब्लिक टीवी के ट्वीट को रीट्वीट करके लिखा- पप्पूप्रो को गुस्सा क्यों आता है ? पेंगुइंस को गुस्सा क्यों आता है? सोनिया सेना को गुस्सा क्यों आता है ? अर्नब सर, फ्री स्पीच के लिए उन्हें आपके बाल खींचने दीजिए, हमला करने दीजिए। कितने महान लोग हमसे पहले चेहरे पर मुस्कान लिए फांसी पर लटक गये। आज़ादी का क़र्ज़ चुकाना है।