कर्नाटक चुनाव: कांग्रेस देगी 15 लाख नौकरी तो भाजपा बनाएगी किसानों, युवाओं को सशक्त

कर्नाटक में 12 मई को चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में असल जंग देश की दो बड़ी पार्टियों भाजपा और कांग्रेस के बीच में है। जहां एक तरफ भाजपा यहां भी कांग्रेस के किले को ढहाना चाहती है। वहीं कांग्रेस सभी बाधाओं को दूर करते हुए अपने किले को बचाने की जो-तोड़ कोशिश कर रही है। 27 अप्रैल को कांग्रेस ने प्रदेश के लिए अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया था। जिसके बाद शुक्रवार को भाजपा ने भी अपना घोषणापत्र जारी किया है। जिसमें किसानों, युवाओं को वादों का पुलिंदा दिया है। अब हम आपको बताते हैं कि दोनों पार्टियों ने लोगों से क्या-क्या वादे किए हैं।

भाजपा के वादे
– राज्य में गरीबों के लिए अन्नपूर्णा कैंटीन खोली जाएंगी।
– भाग्यलक्ष्मी योजना के तहत गरीब लड़कियों की शादी में 2 लाख रुपए देंगे और 3 ग्राम का मंगलसूत्र देंगे।
– बीपीएल परिवारों की महिलाओं को स्मार्टफोन दिए जाएंगे।
– कॉलेज जाने वाले सभी छात्रों को लैपटॉप दिए जाएंगे।
– बीपीएल महिलाओं और छात्राओं को स्त्री सुविधा योजना के तहत मुफ्त सैनिटरी नैपकिन दिए जाएंगे। वहीं दूसरी महिलाओं को 1 रुपए की दर पर नैपकिन मिलेंगी।
– कर्नाटक में विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं के लिए 1,50,000 करोड़ रुपए आवंटित किए जाएंगे।
– किसानों को कीमतों में उतार-चढ़ाव के दौरान मदद करने के लिए रायता बंधू मार्केट इंटरवेंशन फंड के जरिए 5,000 करोड़ रुपए आवंटित किए जाएंगे।
– भूमि विहिन कृषि मजदूरों को मुफ्त में 2 लाख रुपए का एक्सीडेंटल बीमा दिया जाएगा।
– महिलाओं के विकास के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का फंड दिया जाएगा। यह देश के सबसे बड़े महिला को-ऑपरेटिव फंड में से एक होगा।
-राज्य में स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जाएगा।

कांग्रेस के वादे
– किसानों, खेतिहर मजदूरों और उनके परिवारों की आजीविका सुनिश्चित करने के लिए वैधानिक हैसियत वाले किसान आय आयोग का गठन किया जाएगा।
– सरकारी स्कूलों में एक से 12वीं तक की मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
– 14 साल तक के बच्चों को मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी।
– राज्य के ओलंपिक मेडल विजेताओं को एक करोड़ रुपये इनाम दिया जाएगा।
– संविधान के अनुसार कर्नाटक के हर 14 साल तक के बच्चे को अच्छी गुणवत्ता वाली शिक्षा मुहैया करवाना सुनिश्चित किया जाएगा।
– कॉलेज जाने वाले हर बच्चे को मुफ्त में स्मार्टफोन दिया जाएगा।
– राज्य में हर साल 15-20 लाख नौकरियां पैदा की जाएंगी।
– गरीबों के लिए इंदिरा कैंटीन खोली जाएंगी।
– गरीबी रेखा से नीचे आने वाली लड़कियों की शादी में 3 ग्राम सोने की थाली दी जाएंगी।