किसान आंदोलन…अब मैदान में खुलकर उतरी कांग्रेस,  राहुल ने कहा-अहंकारी मोदी सरकार के खिलाफ सत्याग्रह जारी रहेगा  

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर बैठे किसानों का आंदोलन 51वें दिन भी जारी है। केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को बने गतिरोध को खत्म करने के लिए आज शुक्रवार को किसान संगठनों और सरकार के बीच नौवें दौर की वार्ता हो रही है। इस बीच, केंद्र की कृषि कानूनों के खिलाफ अब कांग्रेस ने कमर कस ली है। विदेश से लौटने के बाद वायनाड से सांसद राहुल गांधी  किसान आंदोलन पर लगातार केंद्र को निशाने पर ले रहे हैं।

राहुल और अपनी छोटी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा  के साथ दिल्ली में राजभवन मार्च किया। मार्च के दौरान कांग्रेस नेता अलका लांबा के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि राजभवन मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग की हुई थी। इस बैरिकेडिंग में कंटीले तार लगे हुए थे, जिनमें अलका लांबा का हाथ फंस गया और वह घायल हो गई। बताया जा रहा है कि उनके हाथ फटने की वजह से उनके हाथ से काफी खून निकलने लगा।

इस मौके पर राहुल ने कहा कि ये तीन कानून किसान को खत्म करने के कानून हैं। इस देश को आज़ादी अंबानी-अदानी ने नहीं, किसान ने दी है। आज़ादी को बरकरार हिन्दुस्तान के किसान ने रखा है, जिस दिन देश की खाद्य सुरक्षा चली जाएगी उस दिन देश की आज़ादी चली जाएगी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कृषि कानूनों के खिलाफ जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों से भी मिले। इसके बाद उन्होंने तीखे शब्दों में केंद्र सरकार को घेरा। राहुल गांधी ने कहा कि कानून रद्द होंगे, नरेंद्र मोदी जी को समझ जाना चाहिए कि किसान पीछे हटने वाले नहीं हैं। ये हिन्दुस्तान है पीछे नहीं हटता है, प्रधानमंत्री को आज नहीं तो कल पीछे हटना पड़ेगा। अगर इंटेलिजेंट होते तो आज ये कर देते।

दरअसल, नरेंद्र मोदी हिन्दुस्तान को नहीं समझ रहे हैं, वो सोचते हैं कि किसानों में शक्ति नहीं है और ये 10-15 दिन में चले जाएंगे, क्योंकि नरेंद्र मोदी किसान की इज्जत नहीं करते। नरेंद्र मोदी हिन्दुस्तान का किसान नहीं डरेगा, नहीं हटेगा और भागना आपको पड़ेगा।  राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”देश के अन्नदाता अपने अधिकार के लिए अहंकारी मोदी सरकार के खिलाफ सत्याग्रह कर रहे हैं। आज पूरा भारत किसानों पर अत्याचार व पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरुद्ध आवाज बुलंद कर रहा है। आप भी जुड़िए और इस सत्याग्रह का हिस्सा बनिये।