दूसरों को उपदेश देने वाले कोहली खुद पूरी तरह विदेशी हैं!

 मुंबई : समाचार ऑनलाइन – टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली अपने एक बयान को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है और वैसे देखा जाए तो इसमें कुछ गलत भी नहीं है। कोहली ने हाल ही में कहा था कि ‘भारत में रहकर दूसरे देशों के क्रिकेटर से प्यार करने वाले को देश से बाहर चले जाना चाहिए।’ कोहली के अलावा यदि कोई और खिलाड़ी ऐसा बयान देता तो फिर भी हजम किया जा सकता था, लेकिन कोहली खुद सिर से लेकर पाँव तक विदेशी हैं, लिहाजा उनके मुंह से ऐसी बातें अच्छी नहीं लगतीं। विदेशों के प्रति कोहली की दीवानगी इससे बड़ा उदाहरण भला और क्या होगा कि उन्होंने अपना देश छोड़कर विदेशी धरती पर शादी रचाई। उन्हें विदेश में छुट्टियां मनाना भी बेहद पसंद है।

बात केवल इतनी नहीं है, टीम इंडिया के कप्तान को फुटबॉल और टेनिस जैसे खेल भी काफी पसंद हैं। हैरानी की बात यह है कि इन खेलों में उनके आइडल भारतीय नहीं बल्कि विदेशी हैं। विराट कोहली फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के फैन हैं, जो कि पुर्तगाल के रहने वाले हैं। यहां तक की उनकी फेवरेट फुटबॉल टीम भारत नहीं जर्मनी है। टेनिस की बात करें तो वो नोवाक जोकोविच और फेडरर के फैन बताए जाते हैं, जो कि सर्बिया और स्विट्जरलैंड के हैं। जबकि फुटबॉल में सुनील क्षेत्री और टेनिस में लिएंडर पेस-महेश भूपति ने भी कई कारनामे किये हैं।

विराट कोहली को महंगी कार का शौक है और उनकी सभी कारें विदेशी कंपनी की हैं। विराट कोहली के पास जर्मन कंपनी ऑडी की कार हैं। वह जर्मनी की कंपनी पूमा के जूते पहनते हैं, कोहली पूमा के ब्रैंड एंबेसडर भी हैं। ऐसे में यह सवाल लाज़मी है कि विराट कोहली किसी भारतीय ब्रांड के जूते क्यों नहीं पसंद करते?

दूसरों को उपदेश देने वाले विराट कोहली का पीने का पानी फ्रांस से आता है। बताया जाता है कि विराट कोहली एवियन कंपनी का पानी पीते हैं जिसकी एक लीटर की बोतल की कीमत 600 रुपए होती है। कहा जाता है कि विराट कोहली Panerai कंपनी की घड़ी पहनते हैंजो कि इटली की कंपनी है। इसकी कीमत लाखों में है। यही नहीं विराट कोहली स्विट्जरलैंड की घड़ी कंपनी टिसॉ के ब्रांड एंबेसडर भी हैं।