जमीन विवाद में मारपीट, लाखों का सामान लूटा

पुणे | समाचार ऑनलाइन

जमीन विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। पिंपरी चिंचवड़ के कुदलवाड़ी इलाके में गुरुवार रात इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी लाखों रुपए का सामान भी अपने साथ ले गए हैं। इस संबंध में जकरिया उमर मेमन ने इकबाल हुसैन, मोहम्मद खान, अकबर हुसैन, हसन हुसैन, गणेश मोरे सहित सात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जकरिया मेमन कुदलवाड़ी स्थित गुडलुक स्क्रैप गोदाम में अपने कर्मचारियों के साथ काम कर रहे थे, तभी रात 10 बजे के आसपास आरोपी वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में जकरिया मेमन और कुछ अन्य कर्मचारी घायल हुए हैं। दरअसल, पिछले कई सालों से स्क्रैप गोदाम की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी के चलते आरोपियों ने जकरिया और उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।