राज्यपाल को सौंपी सूची….नई सरकार में नहीं होंगे नीतीश के पुराने 12 साथी, इस बार दो उपमुख्यमंत्री  

पटना. ऑनलाइन टीम : नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण में बस कुछ ही देर बाकी है। इस बीच, बड़ी खबर ये आ रही है कि नई सरकार में नीतीश कुमार के 12 पुराने साथी नहीं होंगे। राजभवन को आज शपथ लेने वालों की सूची भेज दी गई है। बीजेपी कोटे के पूर्व मंत्री विनोद सिंह और जेडीयू कोटे से पूर्व मंत्री कपिलदेव कामत का निधन हो चुका है, जबकि बाकी दस चुनाव हार गए हैं। सोमवार यानि आज शाम 4 बजे नीतीश अपने सहयोगियों के साथ सातवीं बार बिहार के सीएम पद की शपथ लेंगे।  राज्यपाल फागू चौहान इन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

नवरत्नों की लिस्ट : बिहार विधानसभा के वर्तमान फॉर्मेट के हिसाब से कैबिनेट में अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन आज के शपथ ग्रहण में ये संख्या कम रहेगी और बाद में कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। सूत्रों से ये जानकारी मिली है कि जीतन राम मांझी की HAM यानि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से किसी एक चेहरे को कैबिनेट में जगह दी जाएगी, वहीं वीआईपी यानि विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी भी मंत्री के तौर पर शपथ ले सकते हैं।  बता दें कि इसके पहले बिहार में रविवार को नए सीएम के तौर पर नीतीश को औपचारिक रूप से चुन लिया गया। इसके बाद राज्यपाल से मिलकर उन्होंने सरकार बनाने का दावा भी पेश किया। इस बार खास बात यह है कि  बीजेपी के सुशील कुमार मोदी इस बार बिहार के डिप्टी सीएम नहीं होंगे। पार्टी उनकी जगह दो नए चेहरों को मौका दे सकती है।

दो उपमुख्यमंत्री : रविवार को एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में ही दोनों का चयन भाजपा विधानमंडल दल के नेता व उपनेता के तौर पर हुआ है। इस बार बिहार में दो उपमुख्यमंत्री होंगे- तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी। पार्टी सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी दो उपमुख्यमंत्री बनाने का निर्णय पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का है। तारकिशोर प्रसाद वैश्य समुदाय से हैं तो भाजपा विधानमंडल दल की उपनेता बनीं रेणु देवी नोनिया समाज से हैं। नेता चुने जाने के बाद तारकिशोर देर शाम बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव और चुनाव प्रभारी सह महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पहुंचे। रात 11 बजे तक चली इस बैठक में दो उपमुख्यमंत्री को लेकर सहमति बनी।

राजनाथ पर्यवेक्षक के रूप में रविवार को पटना आए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनडीए की बैठक में कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में भाजपा-जदयू की बहुत अच्छी सरकार बिहार में चली है। सरकार ने बहुत अच्छे काम किए हैं। इस सरकार के दामन पर कोई दाग नहीं है। किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप अबतक नहीं लगा है। उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनने वाली सरकार को शुभकामना दी साथ ही और अच्छे से विकास कार्यों को अंजाम देने की सलाह भी दी।