लिट्टी चोखा- चौपाल से उत्तर भारतीयों को रिझाने में जुटी कांग्रेस

मुंबई। समाचार ऑनलाइन

चुनाव करीब आते ही राजनीतिक पार्टियों को मतदाताओं की याद सताने लगती है। फिर उन्हें रिझाने के लिए अलग- अलग फंडे अपनाए जाते हैं। जहां भाजपा संपर्क फ़ॉर समर्थन, जनसंवाद, रथयात्रा, रैलियों से मतदाताओं तक पहुंच बनाने में जुटी है। वहीं कांग्रेस भी इसमें कोई कसर बाकी न रहने देने की जद्दोजहद में जुट गई है। इस कड़ी में मुंबई में बसे उत्तर भारतीयों को रिझाने और उनसे संवाद साधने के लिहाज से वर्ली में लिट्टी- चोखा चौपाल लगाने की तैयारियां शुरू है।

लाखों की संख्या में मुंबई में रहने वाले उत्तर भारतीय समाज से संपर्क करने के अभियान के तहत 15 जुलाई को वर्ली स्थित प्रकाश कॉटन मिल कंपाउंड के गेट नंबर-3 में दोपहर 12 बजे से उत्तर भारतीयों की चौपाल लगने वाली है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम उत्तर भारतीयों की इस चौपाल में उपस्थित लोगों से रू-ब-रू होकर मार्गदर्शन करेंगे। चौपाल के आयोजन के साथ ही उत्तर भारतीयों के प्रिय व्यंजन लिट्टी-चोखा का भी आयोजन किया गया है। इसकी जानकारी मुंबई कांग्रेस के ओबीसी विभाग के महासचिव सुभाष यादव ने दी।