Lockdown In Maharashtra: CM उद्धव ठाकरे आज लेंगे बड़ा निर्णय, लॉकडाउन गाइडलाइंस की करेंगे घोषणा

मुंबई : राज्य में कोरोना का फैलाव बहुत तेज रफ्तार से हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कोरोना की श्रृंखला को तोड़ने के लिए राज्य में पूर्ण लॉकडाउन के संकेत दिए हैं। साथ ही उन्होंने मंत्रिमंडल, टास्क फोर्स और सचिवों की बैठक बुलाकर इस संदर्भ में चर्चा भी की। इस चर्चा के बाद यही निष्कर्ष निकला कि अगर राज्य में कोरोना को नियंत्रण में करना है तो लॉकडाउन आवश्यक है। मुंबई के पालक मंत्री असलम शेख ने संकेत दिया है कि मुख्यमंत्री आज बड़ा फैसला लेंगे और इसकी गाइडलाइन आज ही घोषित की जाएगी।

लॉकडाउन के संदर्भ में मुंबई के पालक मंत्री और राज्य मंत्री असलम शेख ने कहा कि हम कोरोना की श्रृंखला को तोड़ना चाहते हैं। इसके लिए हम लोगों को साथ लेकर, उनकी सलाह लेकर निर्णय लेना चाहते हैं। इसके लिए एक अच्छा एसओपी लागू करना है। मुझे लगता है कि आज इसकी गाइडलाइन की घोषणा होने की संभावना है।

असलम शेख ने कहा कि राज्य में कोरोना की स्थिति अभी भी नियंत्रण में है। राज्य में निजी अस्पतालों में वेटिंग लिस्ट है। हालांकि, सरकारी अस्पताल के कोविड केंद्र में अभी भी बेड और ऑक्सीजन बेड उपलब्ध हैं।

असलम शेख ने आगे कहा कि कोरोना की टास्क फोर्स ने राज्य में 21 दिनों के लॉकडाउन की सलाह दी थी। इतने दिनो का लॉकडाउन किया तो परेशानी होगी, इस तरह का मत भी कुछ लोगों ने व्यक्त किया। कुछ ने 14 दिन का लॉकडाउन करने की सलाह दी है, जबकि कुछ लोगों ने 8 दिन के लॉकडाउन की सलाह दी। राज्य में हम कोरोना के मरीज तक पहुंच रहे हैं। हालांकि, कुछ राज्य कोरोना मरीजों के आंकड़ो को छुपा रहे हैं। असलम शेख ने यह भी चेतावनी दी है कि 15 दिनों के बाद उनकी परिस्थिति विकट होगी।