लोकसभा चुनाव: पुणे से माधुरी दीक्षित होंगी भाजपा का चेहरा?

पुणे : समाचार ऑनलाइन – अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा कुछ चर्चित चेहरों को मैदान में उतार सकती है। पार्टी ने इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों से बातचीत भी शुरू कर दी है। कहा जा रहा है कि भाजपा की इस लिस्ट में महेंद्र सिंह धोनी, गौतम गंभीर और माधुरी दीक्षित का नाम भी शामिल है। कयास लगाये जा रहे हैं कि भाजपा महाराष्‍ट्र की पुणे लोकसभा सीट से माधुरी दीक्षित को टिकट दे सकती है।

फिलहाल यहां से अनिल शिरोले भाजपा के सांसद हैं, ऐसे में यदि पार्टी माधुरी को टिकट देती है, तो ये शिरोले के लिए किसी झटके से कम नहीं होगा। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने माधुरी को लेकर सर्वे भी कराया है, जिसके नतीजे उनके पक्ष में हैं। लिहाजा पार्टी पुणे में नया चेहरा ला सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,भाजपा 2014 की तरह ही 2019 के चुनाव में भी कई सेलिब्रिटीज को टिकट दे सकती है और इसमें ‘धक-धक गर्ल’ का नाम भी शामिल है।

माधुरी के भाजपा से जुड़ने के कयास तभी से लगाए जा रहे हैं, जब पार्टी अध्‍यक्ष अमित शाह ने इस साल जून में ‘संपर्क फॉर समर्थन’ के तहत अभिनेत्री से उनके घर जाकर मुलाकात की थी। तब ऐसी चर्चाओं ने जोर पकड़ा था कि माधुरी को भाजपा ने राज्‍यसभा सदस्‍यता के लिए पेशकश की है। अब उनके लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं।

हालांकि,  भाजपा सांसद संजय काकडे ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भाजपा के इतने बुरे दिन भी नहीं आये हैं कि जीतने के लिए उसे माधुरी को टिकट देना पड़े। उधर, कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक मोहन जोशी का कहना है कि यदि भाजपा उम्मीदवार बदलने के बारे में सोच रही है तो इसी में उसकी हार है।