महिलाओं को साड़ी बांटे जाने के नाम पर बुजुर्ग महिला को लूटा

पुणे समाचार

पुणे के नानापेठ सब्जी मंडई इलाके में एक 70 साल की महिला के साथ धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। जैन समाज के एक व्यक्ति को 12 साल बाद लड़का हुआ, इसलिए वो सभी महिलाओं को साड़ी बांट रहा है, ऐसा बताकर दो अज्ञात शख्स द्वारा महिला के गहने और पैसे धोखे से चुराकर भागने की घटना घटी। यह मामला समर्थ पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी अनुसार इस मामले में तुलसा राजलिंग आडेप (70, भवानी पेठ) ने शिकायत दायर करवायी है। बुजुर्ग महिला सब्जी मार्केट से सब्जी लेकर वापस घर जा रही थी, इस दौरान दो अनजान शख्स आए और महिला का ध्यान भटकाने के लिए कहा कि यहां पास में ही जैन व्यक्ति महिलाओं को साड़ी बांट रहा है। साथ ही ऐसा भी कहा कि वहां शरीर पर गहने पहने हुए नहीं चलते इसलिए आप अपने गहने थैली में डाल ले। महिला ने अपने गहने उतारकर रुमाल में बांधकर थैली में डाल दिए और महिला का ध्यान भटकाकर दोनों शख्स महिला के गहने चुराकर वहां से चंपत हो गए। इस मामले में पुलिस अधिक जांच कर रही है।