नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू  

पटना. ऑनलाइन टीम : लोक आस्था के महापर्व छठ  की अपनी महत्ता है। उत्तर भारतीयों में प्रचलित यह महापर्व अब देश ही नहीं विदेशों में भी मनाया जाने लगा है। सूर्य देवता को समर्पित इस महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत बुधवार को नहाय-खाय के साथ हो गई है।

बिहार के पटना घाट से लिए दिल्ली के यमुना घाट समेत और भी तमाम छोटे-बड़े घाटों पर प्रत्येक वर्ष छठ का भव्य आयोजन होता है। शुरुआती समय में छठ अधिकाधिक रूप से सिर्फ बिहार तक सीमित था, पर समय के साथ मुख्यतः लोगों के भौगोलिक परिवर्तनों के कारण इस पर्व का प्रसार बिहार से सटे प्रदेशों में भी हुआ और होता गया। इस प्रकार बिहार के बाहर इस पर्व का प्रचार-प्रसार होता गया और आज यह पर्व पूर्वी भारत में बिहार समेत यूपी, झारखंड व नेपाल के तराई क्षेत्रों में भी बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसके अतिरिक्त छिटपुट रूप से तो इसका आयोजन समूचे भारत में और विदेशों में भी देखने को मिलता है।

निर्जला अनुष्ठान शुरू होने से पहले बुधवार (18 नवंबर) को व्रती शुद्धता के साथ स्नान करेंगे, जिसके बाद अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। बुधवार सुबह से ही गंगा नदी, तालाब, पोखर आदि में व्रती स्नान करते देखे गए। कोरोना के चलते ज्यादातर व्रती घर पर ही स्नान करते देखे गए।19 नवंबर को खरना करेंगे, 20 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगे और 21 नवंबर को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महाव्रत का समापन करेंगे।
ऐसे होगा पूजन

18 नवंबर बुधवार नहाय-खाय 5:15 सुबह के बाद
19 नवंबर गुरुवार खरना                 4:56 शाम के बाद
20 नवंबर शुक्रवार डूबते सूर्य को अर्घ्य 5:26 शाम
21 नवंबर शनिवार उगते सूर्य को अर्घ्य 6:49 सुबह

बिहार के सीएम नीतीश ने राज्यवासियों से अपील है कि वे इस महापर्व को मिल-जुलकर आपसी प्रेम, पारस्परिक सद्भाव और शांति के साथ मनाएं। दिल्ली सरकार ने 20 नवम्बर को छठ पूजा पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय किया है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने 16 नवम्बर को मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि 20 नवम्बर को छठ पूजा के ‘महत्वपूर्ण त्योहार’ के मौके पर सार्वजनिक अवकाश के लिए एक अधिसूचना जारी करें। दिल्ली भाजपा ने यहां नदी तट, मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर छठ पूजा पर रोक को लेकर आप सरकार पर निशाना साधा है।